हुक्का बार पर पुलिस का बड़ा प्रहार: मानसरोवर-श्याम नगर में पुलिस ने मारी रेड
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । गुलाबी नगरी में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ जयपुर पुलिस ने बुधवार को सख्त कार्रवाई करते हुए मानसरोवर और श्याम नगर थाना क्षेत्रों में तीन स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 3 संचालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का पीते पाए गए 17 लोगों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत चालान किए गए।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने मानसरोवर स्थित ‘इक्का क्लब’, ‘हॉट हाउस ट्रीट कैफे’ और श्याम नगर स्थित ‘एलटेरो कैफे 2.0’ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 14 हुक्के, बड़ी मात्रा में तंबाकू फ्लेवर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
संजीव नैन ने बताया कि मानसरोवर में ‘कांसेप्ट आरएनए ’ कोचिंग संस्थान की चौथी मंजिल पर संचालित ‘हॉट हाउस ट्रीट कैफे लाउंज’ में खाने-पीने की आड़ में युवाओं को अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा था। पुलिस ने मौके से संचालक प्रकाश वासवानी को गिरफ्तार कर 10 हुक्के और तंबाकू फ्लेवर जब्त किए। इसके अलावा न्यू आतिश मार्केट स्थित ‘इक्का क्लब’ पर कार्रवाई करते हुए मैनेजर हनुमान (निवासी खैरथल) को गिरफ्तार किया गया और वहां से भी हुक्का सामग्री बरामद की गई।
वहीं श्याम नगर थाना पुलिस ने ‘एलटेरो कैफे 2.0’ पर छापा मारकर संचालक यश कुमार को गिरफ्तार किया। यहां से 4 हुक्के, चिलम, पाइप और नशीले तंबाकू फ्लेवर के डिब्बे बरामद किए गए। मौके पर हुक्का पीते मिले 7 व्यक्तियों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इस पूरे अभियान के दौरान 3 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम 2000 और कोटपा अधिनियम 2019 (संशोधित) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले अवैध हुक्का बार संचालकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।