पटाखे के विवाद में युवक पर कुल्हाड़ी-सरियों से हमला कर हत्या करने वाले आरोपित गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी के कालवाड़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां गाड़ी पर पटाखा फेंकने से मना करने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि राजधानी के कालवाड़ थाना क्षेत्र में पटाखे के विवाद में युवक विनोद पर कुल्हाड़ी-सरियों से हमला कर उसकी हत्या करने के मामले में जयसिंह (57) पुत्र भैरुलाल धानका, विशाल (30) पुत्र जयसिंह,करण (23) पुत्र मनोज धानका,अर्जुन उर्फ गगन (20) पुत्र मनोज,मोहित उर्फ नंदू (18) पुत्र मनोज और लोकेश उर्फ पवन (20) पुत्र सुनील को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपित छत्रपति शिवाजी नगर कालवाड़ के रहने वाले है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी गली में पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां खड़ी विनोद की गाड़ी पर पटाखा फेंक दिया। विनोद द्वारा विरोध जताने और टोके जाने पर आरोपी भड़क गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से कुल्हाड़ी, लोहे के सरिए और पाइप से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण विनोद की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले का खुलासा करने में कालवाड़ थानाधिकारी सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल धुकल राम, शेरसिंह, जसराज सहित कांस्टेबल मांगीलाल, राजीव, हीरालाल, श्रवण, विरेन्द्र, गोपाल और महिला कांस्टेबल सुनीता की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से जयपुर पुलिस की मुस्तैदी एक बार फिर सामने आई है।