शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न ) । शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय जनता पार्टी नोखा शहर के निर्वतमान मंडल अध्यक्ष डॉ महेन्द्र संचेती ने राजस्थान सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर की प्रमुख समस्याओं को तत्काल प्रभाव से हल करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि गांधी चौक एवं कुम्हारों के चौक पर निजी बसों का अनियमित खड़ा होना दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है, जिसे हटाने या व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। इसके साथ ही शहर में अनियमित जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने, बिजली विभाग में पर्याप्त फॉल्ट टीम उपलब्ध कराने एवं शिकायत हेतु स्थानीय नंबर जारी करने की मांग की गई। अंडर ब्रिज के पास भारी ट्रैफिक एवं निजी बस स्टैंड के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहां नियमित ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था करने की मांग की गई। सदर बाजार में दुकानों के आगे अतिक्रमण, पब्लिक पार्क के पास फास्ट फूड ठेलों से बिगड़ती यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने का भी आग्रह किया गया। ज्ञापन में नोखा के एकमात्र खेल स्टेडियम के विकास, कोर्ट भवन स्वीकृति, जिला अस्पताल से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा वर्तमान अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ एवं उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। साथ ही 350 हेक्टेयर गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसके विकास की आवश्यकता भी बताई गई। संचेती ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री गोदारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएंगे, जिससे नोखा की जनता को राहत मिल सकेगी। नोखा शहर की समस्या बताते समय पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रधान कन्हैया लाल सियाग, डॉ महेन्द्र संचेती, नरेन्द्र चौहान, नरेन्द्र राजपुरोहित, सुनील पुनिया, मोडाराम सिंवर, पुखराज पंचारिया, दीनदयाल उपाध्याय आदि उपस्थित रहे ।