कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का एक्शन मोड : 2 हजार 400 से अधिक महिलाओं को किया जागरूक

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चला रही है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए यूनिट ने सात असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया। वहीं बड़े स्तर पर जागरूकता और आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी, मॉल, पार्क और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त कर छेड़छाड़, स्टॉकिंग और अश्लील हरकतों पर प्रभावी रोकथाम की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग टीम ने जवाहर सर्किल,बनी पार्क क्षेत्र और मुरलीपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सात मनचलों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज किए गए।
रानू शर्मा ने बताया कि सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न स्कूल, कॉलेज, कॉलोनियों और सार्वजनिक परिवहन साधनों में जाकर 2 हजार 467 महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा मास्टर ट्रेनर्स द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में 1 हजार 274 छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया, वहीं 355 महिलाओं को ‘राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाकर उसकी उपयोगिता समझाई गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि महिलाएं और बालिकाएं किसी भी आपात स्थिति में निर्भया हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क कर सकती हैं। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है, जहां लिखित, मौखिक, ऑडियो या वीडियो माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की इस दोहरी रणनीति—सख्त कार्रवाई और व्यापक जागरूकता—से स्पष्ट है कि जयपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

You might also like