जोहड़ में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
दिनेश जाखड़
गुढ़ागौड़जी (नवयत्न) । क्षेत्र के भोड़की गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जोहड़ के पास एक कीकर के पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके हुए मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे गांव निवासी दिनेश कुमावत शौच के लिए जोहड़ की ओर गया था। इस दौरान उसकी नजर पेड़ से लटके दो शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने कीकर के पेड़ पर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या की है। घटनास्थल के नीचे सेल्फोस (सल्फास) की गोलियां भी पड़ी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने पहले जहर का सेवन किया और उसके बाद फांसी लगाई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस को युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सुनील कुमार (32) पुत्र जयबीर, निवासी भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान इंदुबाला (28) पुत्री महावीर प्रसाद मेघवाल, निवासी खींवासर गांव के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर गुढ़ागौड़जी सीएचसी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार भारतीय सेना में कार्यरत था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी पर घर आया था। इस दौरान वह इंदुबाला से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, जिसे उसकी पत्नी ने देख लिया। इसके बाद परिवार में विवाद की स्थिति बन गई थी। गुरुवार शाम करीब 5 बजे वह घर से निकला, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर परिजनों को घटनास्थल तक पहुंचाया।
घटनास्थल से पुलिस को मृतक की बाइक, हेलमेट, दो पानी की बोतलें और सल्फास की गोलियों की एक डिब्बी भी बरामद हुई है, जिसमें कई गोलियां मौजूद थीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।