प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के जसरापुर गांव के पंडित सच्चिदानंद जोशी स्टेडियम में चल रही जसरापुर प्रीमियर लीग फर्स्ट सीजन क्रिकेट प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवकुमार सुरोलिया थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छगनलाल शर्मा ने की। फाइनल मैच का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ किया गया। मुकाबले में श्री मेटालिक्स लिमिटेड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट पर 82 रन बनाए। जवाब में झुंझुनूं ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 5.5 ओवर में 1 विकेट पर 86 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिवकुमार सुरेलिया ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का सबसे बड़ा मंच है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया और विजेता झुंझुनूं को 51 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, साथ ही खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। उपविजेता टीम श्री मेटालिक्स लिमिटेड को 25 हजार रुपये नगद, ट्रॉफी एवं खिलाड़ियों को सिल्वर मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार झुंझुनूं के जमशेद को दिया गया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार श्री मेटालिक्स लिमिटेड के इकराम मलसीसर को सीरीज में 281 रन बनाने पर दिया गया। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार अंकित कुमार बंटी (नरहड़) को दिया गया, जबकि बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार इकराम मलसीसर को प्रदान किया गया।
मैच में निर्णायक की भूमिका सोहेल बड़ाऊ एवं अकरम बड़ाऊ ने निभाई। इस मौके पर झंडूराम गुर्जर, रामचन्द्र गुर्जर, सावतराम जांगिड़, रामाकांत पुजारी, आशिष केडिया, चुनीलाल चनेजा, राजेश जलन्द्रा, सुरेश चंद चेजारा, शंकर लाल बोहरा, महेन्द्र सिंह शेखावत, सुरेश सैनी, राजेश जलन्द्रा, सुरेश भांडोरिया, सुमेर कुमावत, रुडमल कुमावत, ओमप्रकाश सिराधना, सतपाल छाबड़ी, अशोक गुर्जर, सुंदरलाल सेडुका, रघुवीर छाबड़ी, जगदीश मेघवाल, सुरेन्द्र कुमावत, धर्मा पावटा, जितेन्द्र कुमावत, उमराव सिंह दोराता, सुनीत धानोता, शंकर कुमावत, राकेश गुप्ता सहित अनेक लोग मौजूद रहे।