लंबे इंतजार के बाद ब्राह्मण समाज को मिली राज्य सरकार से भूमि

 

अभिषेक कुमावत

झुंझुनू (नवयत्न ) । राजस्थान सरकार द्वारा सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ब्राह्मण समाज की रजिस्टर्ड संस्था विप्र कल्याण संस्थान को 1500 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। यह भूमि जिला प्रशासन के सहयोग एवं संस्थान की कार्यकारिणी के अथक प्रयासों का परिणाम है। पिछले 35 वर्षों से शहर मुख्यालय पर ब्राह्मण समाज के भवन और छात्रावास निर्माण हेतु भूमि की मांग की जा रही थी जिसके परिणामस्वरूप अब भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने ब्राह्मण समाज को 1500 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की है ।

 

संस्थान के अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, मंत्री उमाशंकर महमिया, संरक्षक जयप्रकाश शर्मा , रामगोपाल महमिया, राकेश सहल, विकास पुरोहित
सहित ब्राह्मण समाज के सभी पदाधिकारियों के निरंतर अथक प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी है। परशुराम जयंती के पावन अवसर पर सेठ मोतीलाल स्टेडियम के पीछे स्थित इस आवंटित भूमि पर भगवान परशुराम का पूजन कर उनका जन्मोत्सव मनाया गया। संस्था अध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने बताया कि इस भूमि पर शीघ्र ही भव्य और विशाल छात्रावास एवं भवन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए जल्द ही जिलास्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें जिलेभर से विप्र शिरोमणी भाग लेंगे । शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित छात्रावास में जिले भर के समाज के विद्यार्थी रहकर अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह भवन न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलेगा, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस निर्णय से पूरे जिले के ब्राह्मण समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। समाज के लोगों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे एक ऐतिहासिक पहल बताया है।

You might also like