टेंडर में 25, वास्तव में चलते मिले 10 ट्रेक्टर

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । नगरपरिषद के कार्यवाहक आयुक्त व तहसीलदार गिरधारीलाल पारीक ने आज सवेरे शहर का दौरा कर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त पारीक नया बाजार चौक में सवेरे 5.30 बजे पहुंच गए। इस दौरान आयुक्त पारीक को 29 सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले। जिस पर उन्होंने संबंधित सफाई कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए। साथ ही उन्होंने जमादारों को शहर में जगह – जगह लगे कचरे के ढेर हटाने के निर्देश दिए। कार्यवाहक आयुक्त के अचानक निरीक्षण व लगातार कर्मचारियों को दिए जा रहे नोटिस से नगरपरिषद के कार्मिकों में हड़कंप मच रखा है। इसके अलावा आयुक्त ग्रीन स्पेस पार्क पहुंचे, जहां पर कचरा संग्रहण के लिए लगे ट्रैक्टर की जांच कर सूची मांगी। जिस पर ठेकेदार 10 ट्रैक्टरों की सूची ही आयुक्त के सामने पेश कर पाए। जबकि वर्तमान में 25 ट्रेक्टरों का टेंडर किया हुआ है। इससे समझा जा सकता है कि शहर की सफाई व्यवस्था रामभरोसे ही चल रही है। इसके अलावा आयुक्त ने ठेकेदार से पूछा कि क्या रोज 100 फेरे डंपिंग यार्ड के ट्रेक्टर द्वारा लगा लिए जाते हैं, जिस पर ठेकेदार ने अनभिज्ञता जताई। इसके अलावा ठेकेदार को ट्रेक्टर पर कवर से कचरा ढककर लाने के लिए पाबंद किया गया। इस मौके पर आयुक्त के साथ सफाई निरीक्षक ओमप्रकाश, राजस्व अधिकारी मुन्नालाल मीणा भी मौजूद रहे।

You might also like