परिचित ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर किया अपहरण
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी परिचित ने उसे धोखे से मिलने के बहाने बुलाकर अगवा कर लिया और उत्तर प्रदेश ले जाकर 10 दिन तक बंधक बनाए रखा। जयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी नाबालिग करीब 10 दिन पहले घर से निकलने के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची, जहां दबिश देकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया।
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी उससे परिचित था और बातचीत होती थी। 10 दिन पहले आरोपी ने मिलने के बहाने उसे घर के पास बुलाया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद धमकी देकर जबरन उत्तर प्रदेश ले जाकर बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।