बीमा क्लेम घोटाले को लेकर सीबीआई ने की पूछताछ

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । बीमा क्लेम घोटाले के एक मामले में जोधपुर से आई सीबीआई की टीम ने मंगलवार को सुजानगढ़ के नया बास में एक मकान पर रेड कर आरोपी से पूछताछ की। शहर का प्रतीक चोटिया सीकर स्थित न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के डिविजनल ऑफिस सीकर में हुए बड़े बीमा क्लेम घोटाले का आरोपी है। मामले को लेकर सीबीआई टीम ने प्रतीक चोटिया से पूरे दिन पूछताछ की। सीबीआई की टीम वहां मिले दस्तावेजों को सील कर अपने साथ ले गई। टीम ने उप अधीक्षक उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच जयपुर को मिली शिकायत के आधार पर करीब 27.68 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। सीकर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से 13 मोटर वाहन बीमा क्लेम नियमों के विपरीत पास किए जाने के आरोप लगे थे। सीबीआई अब अब पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

You might also like