एनर्जी क्रिकेट लीग का शुभारंभ, उद्घाटन मैच ने 10 विकेट से जीता
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी के नेहरू मैदान में मंगलवार शाम बिजली विभाग की ओर से छह दिवसीय एनर्जी क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम धर्मपाल गुर्जर थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील चौहान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जुल्फीकार अली, समाज सेवी बबलू अवाना एवं मोहनलाल स्वामी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय के साथ फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। आयोजक एक्सईएन मोहनलाल स्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में खेतड़ी टाउन, खेतड़ी नगर, खेतड़ी खंड, बबाई, बुहाना एवं आरवीपीएनएल की छह टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम के दो-दो लीग मुकाबले खेले जाएंगे। मुख्य अतिथि पूनम धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी हर मौसम और हर परिस्थिति में आमजन को बिजली उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं। ऐसे कर्मचारियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं तनाव कम करने, स्वास्थ्य बेहतर रखने और आपसी समन्वय बढ़ाने का अच्छा माध्यम हैं। एसडीएम सुनील चौहान ने कहा कि बिजली विभाग जनसेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है, जिसके कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर व्यवस्था संभालते हैं। इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों में नई ऊर्जा, टीम भावना और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं। उद्घाटन मुकाबला खेतड़ी टाउन और खेतड़ी नगर के बीच खेला गया। खेतड़ी टाउन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 79 रन बनाए। जवाब में खेतड़ी नगर की टीम ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता की पहली फिफ्टी खेतड़ी नगर के पवन गुर्जर ने लगाई। नरेंद्र कुमार को नो रन पर तीन विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता का दुसरा मुकाबला बुधवार को बबाई एवं बुहाना के बीच खेला गया। बबाई ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए कमलेश मीणा के 35 बोल में 48 रनो के योगदान से 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। जवाब में बुहाना छह विकेट के नुकसान पर 99 रन ही बना पाई, बबाई 34 रनों से पहला मुकाबला जीत लिया। कमलेश मीणा को मेन ऑफ दा मैच चुना गया। इस मौके पर राजवीर सिंह, व्यवस्थापक संजीव गुर्जर, घनश्याम, सह-व्यवस्थापक सुरेंद्र ढाका सहित अन्य मौजूद रहे।