बिजली विभाग के कर्मचारियों ने निजीकरण का किया विरोध

 

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न) । कस्बे के बिजली विभाग के एईएन कार्यालय के सामने कर्मचारियों ने विभाग में हो रहे निजीकरण को लेकर विरोध जताया है। इस दौरान बिजली कर्मचारियों ने एईएन को ज्ञापन देकर 10 जून तक मांगें नहीं माने जाने पर जयपुर में प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया है। बिजली कर्मचारियों ने एईएन बृजपाल सिंह को दिए ज्ञापन में कहा कि राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के आवाहन पर विद्युत निगमों में किए जा रहे निजीकरण के विरोध में सहायक अभियंता खेतड़ी टाउन के माध्यम से शासन सचिव सुश्री आरती डोगरा के नाम ज्ञापन दिया है। जिलाअध्यक्ष सुभाष चंद चेजारा ने बताया कि यदि शीघ्र ही विद्युत निगमों में अलग-अलग नाम से किया जा रहे निजीकरण को नहीं रोका जाता है एवं विद्युत कर्मचारियों की जायज मांगों को पूर्ण नहीं किया जाता है तो संगठन द्वारा दिनांक 6 मई को जिला स्तर पर, 20 मई को निगम स्तर पर डिस्कोम मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके पश्चात भी विद्युत प्रशासन द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ संबद्ध भारतीय मजदूर संघ दिनांक 10 जून को विद्युत भवन जयपुर पर धरना प्रदर्शन व आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग में निजीकरण कर कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों द्वारा पिछले काफी समय से आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन विभाग कर्मचारियों के हितों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि जल्द मामले में गंभीरता नहीं दिखाई तो कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर उप शाखा अध्यक्ष रमेश कुमार सैनी, प्रदीप कुमार, आनंद स्वरूप सैनी , मनफूल योगी, दीपक मेहता, हेमराज सैनी, राजेंद्र कुमार सैनी, देविका यादव, मंजू मीणा, इंद्रपाल यादव, महेश वर्मा, सुरेश कुमार, मुकेश कुमार जांगिड़, प्रभुदयाल कुमावत, वेद प्रकाश आदि सभी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

You might also like