फर्जी लेटर व एआई वीडियो प्रकरण: पुलिस ने किया चारों आरोपित कोर्ट में पेश

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी लेटर और एआई तकनीक से तैयार वीडियो वायरल करने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को जयपुर की अदालत में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने मोहाली (पंजाब) निवासी अमृता धुमाल को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि भोपाल निवासी निखिल, बिलाल खान और इनाम अहमद को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
ज्योति नगर थाना पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी। पुलिस एआई वीडियो तैयार करने की प्रक्रिया, फर्जी लेटर के स्रोत और इसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि फिलहाल मामला वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि फर्जी लेटर किसने तैयार किया, उस पर हस्ताक्षर किसने किए और उसे सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया—ये सभी जांच के अहम बिंदु हैं।
अभी तक केवल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज होने से जांच का दायरा सीमित है। हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीडियो एआई तकनीक से तैयार किया गया था और इसमें अमृता धुमाल की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। इसके बाद भोपाल के तीनों आरोपियों द्वारा इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
इस मामले में यह भी सामने आया है कि पूर्व मुख्यमंत्री के नाम से संघ प्रमुख को संबोधित एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था, जिसे एआई तकनीक की मदद से वीडियो के रूप में भी शेयर किया गया।
पुलिस ने निखिल, बिलाल खान और इनाम अहमद को मध्यप्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया था, जबकि अमृता धुमाल को पंजाब के मोहाली से पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे सक्रिय नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

You might also like