टीचर ने 8वीं के छात्र को पीटकर किया बेहोश
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल में नाबालिग छात्र के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि ट्रायल पर पढ़ाने आए एक शिक्षक ने 12 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
पीड़ित छात्र के पिता ने 22 अप्रैल को करणी विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार करणी विहार निवासी व्यक्ति का बेटा पास के एक निजी स्कूल में कक्षा 8वीं का छात्र है। शनिवार को स्कूल में गणित की ट्रायल क्लास लेने के लिए धारा सिंह नाम का शिक्षक आया था। आरोप है कि क्लास के दौरान छात्र बेंच के पास खड़े होकर अपने साथी से किताब ले रहा था, इसी बात पर शिक्षक अचानक गुस्से में आ गया और उसने छात्र को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
शिकायत में बताया गया है कि शिक्षक ने छात्र के सिर और चेहरे पर 15 से 20 वार किए। मारपीट के दौरान छात्र का चश्मा गिर गया और वह डर के मारे कांपने लगा, लेकिन इसके बावजूद शिक्षक नहीं रुका। वह छात्र को क्लास से बाहर बरामदे में ले गया और उसका सिर दीवार से टकरा दिया। लगातार मारपीट के कारण छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के डीन और अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और छात्र को संभाला। घर पहुंचने के बाद अगले दिन छात्र ने डर के कारण स्कूल जाने से इनकार कर दिया, तब उसने अपने पिता को पूरी घटना बताई।
पीड़ित के पिता ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया, जिस पर उन्हें बताया गया कि संबंधित ट्रायल टीचर को जॉइनिंग नहीं दी जाएगी। इधर, पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।