तीन घंटे तक बहा लाखों लीटर व्यर्थ पानी, एलएनटी कंपनी की लापरवाही
निसं
खेतड़ी (नवयत्न ) । गर्मी की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। ऐसे समय में गोठड़ा ग्राम पंचायत के वार्ड 12 में शुक्रवार सुबह पानी की टंकी का वॉल ओवरफ्लो होने से करीब तीन घंटे तक लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। घटना से वार्डवासियों में रोष है। लोगों का कहना है कि एक ओर क्षेत्र में चार दिन में एक बार पानी की सप्लाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर लापरवाही से पानी नालियों में बहाया जा रहा है।
वार्ड 12 निवासी प्रभु सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे से पानी ओवरफ्लो होकर बहना शुरू हुआ, जो सुबह छह बजे तक लगातार बहता रहा। समय पर वॉल बंद नहीं होने से लाखों लीटर पानी नालियों में बह गया। वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में पहले ही पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। कई बार पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में विभागीय लापरवाही से पानी की बर्बादी होना गंभीर मामला है। लोगों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जलदाय विभाग के एक्सईएन सुनील कुमार ने बताया कि गुरुवार रात एलएनटी कंपनी ने टंकी में पानी छोड़ा था, लेकिन वॉल बंद करना रह गया। सुबह जानकारी मिलने पर परियोजना खंड खेतड़ी को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है।
वहीं प्रोजेक्ट एक्सईएन विक्रम सिंह ने बताया कि गोठड़ा में पानी की सप्लाई एलएनटी कंपनी द्वारा की जा रही है। गुरुवार देर रात कर्मियों ने वॉल बंद किया था, लेकिन वॉल फ्री होने के कारण पूरी तरह बंद नहीं हो पाया। सुबह जांच में वॉल फ्री मिला, जिसे तुरंत दुरुस्त करवा दिया गया। वार्डवासियों ने मांग की है कि पानी सप्लाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके।