एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर किया सुसाइड
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ीनगर थाना क्षेत्र के जसरापुर में देर रात को एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना से पहले मृतक ने अपने भांजे को फोन कर एक व्यक्ति द्वारा गोली मारने की धमकी देने की बात बताई थी। मृतक के बेटे आदित्य ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि गांव जसरापुर में उसके पिता योगेश शर्मा उर्फ श्याम (45) पुत्र नथमल ने मेडिकल की दुकान कर रखी थी। गांव की एक महिला अक्सर उसके पिता की दुकान पर दवाई लेने के लिए आती थी। ढाणी ढेरवाला तन जसरापुर निवासी मुकेश गुर्जर को इस बात से चिढ़ थी कि वह महिला दुकान पर क्यों जाती है। इस बात को लेकर मुकेश द्वारा पहले भी उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शनिवार को महिला व मुकेश ने षड्यंत्र रचकर उसके पिता योगेश को महिला के घर बुला लिया। इस दौरान मुकेश ने मृतक योगेश को गोली मारने की धमकी दी। जिस पर मृतक ने अपने पुलिस में बारां में तैनात भांजे पंकज को फोन किया तथा मुकेश द्वारा गोली मारने की बात बताई। इसके बाद योगेश ने महिला के घर पंखे से लटक कर सुसाइड कर लिया। मृतक के बेटे ने बताया कि उसके पिता को महिला व मुकेश ने षड्यंत्र पूर्वक हत्या की है। घटना की सूचना पर खेतड़ीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मृतक योगेश के शव को पंखे से उतारकर खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इस दौरान पुलिस ने अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया है। मृतक अपने गांव में मेडिकल स्टोर का संचालन करता था। उसके दो बेटी शादीशुदा हैं तथा बेटा आदित्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। सूचना पर पूर्व सरपंच केदार खिंची, समाजसेवी झंडूराम गुर्जर सहित अनेक लोग अस्पताल में पंहुचे तथा पुलिस से मामले मे निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। एएसआई विजय कुमार ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम करवाया गया है, मृतक के परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।