लुप्त होती मैजिक कला को संरक्षित करना हमारा ध्येय: जादूगर विराट
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । लुप्त होती जादू की कला को पुनर्जीवित करने और इसे नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से शहर के मूनलाइट सिनेमा हॉल में जादूगर विराट द्वारा मैजिक शो का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मीडिया ब्रीफ करते हुए जादूगर विराट ने इस प्राचीन कला के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। जादूगर विराट सीनियर ने बताया कि यह कला उनके परिवार की विरासत है। उनके पिता ने जादू के माध्यम से लोगों का मनोरंजन शुरू किया था, जिसे उन्होंने आगे बढ़ाया और अब उनकी तीसरी पीढ़ी के रूप में सोनू सोनी इस विरासत को संभाल रहे हैं। मात्र 17 वर्ष की आयु में सोनू ने कई बड़े सम्मान प्राप्त किए हैं, जिनमें अभिमन्यु अवार्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होना शामिल है। इस बार शो में कई नए और आधुनिक आइटम जोड़े गए हैं, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया यह आकर्षण रोमांच से भर देगा। एक व्यक्ति को बीच से काटकर अलग करने वाला रोंगटे खड़े कर देने वाला जादू के साथ कई अन्य ऐसे आकर्षक प्रोग्राम जो दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर देंगे। संबोधन के दौरान जादूगर विराट सीनियर ने थोड़ा दर्द साझा करते हुए कहा कि जहाँ वे और उनके जैसे कुछ जादूगर इस मरती हुई कला को जीवित रखने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जनता से इस कला को प्रोत्साहित करने की अपील की। मैनेजर हीरालाल ने बताया कि स्कूली बच्चों के लिए रियायत के साथ जादू के शो दिखाये जायेंगे।