एनर्जी क्रिकेट लीग प्रतियोगिता रोमांचक दौर में पहुंच गई

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी के नेहरू मैदान में चल रही एनर्जी क्रिकेट लीग प्रतियोगिता रोमांचक दौर में पहुंच गई है। रविवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में खेतड़ी खंड और खेतड़ी नगर ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। सोमवार शाम चार बजे दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल में खेतड़ी खंड ने बुहाना को आठ विकेट से हराया। बुहाना की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 68 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में खेतड़ी खंड ने हंसराज गुर्जर की शानदार नाबाद 54 रन की पारी की बदौलत दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर आठ विकेट से मैच जीत कर फाइनल में पहुंची। हंसराज गुर्जर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में खेतड़ी नगर ने बबाई को सात विकेट से शिकस्त दी। बबाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भैरू सैनी के 49 रन की मदद से 15 ओवर में आठ विकेट पर 106 रन बनाए। जवाब में खेतड़ी नगर ने तीन विकेट खोकर 12 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से मैच जीत कर फाइनल में पहुंची। खेतड़ी नगर की ओर से पवन ने 20 गेंदों में ताबड़तोड़ 51 रन बनाए, जबकि पूरण ने तीन विकेट झटके। पवन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल मुकाबला सोमवार शाम चार बजे केसीसी के नेहरू मैदान में खेतड़ी खंड व खेतड़ी नगर के बीच खेला जाएंगा। इस मौके पर सहायक अभियंता सुरेंद्र सैनी, संजीव कुमार, मनफुल योगी, प्रमिंद्र, सहायक अभियंता बृजपाल, सुभाष मीणा, घनश्याम आदि मौजूद थे।

You might also like