गुर्जरवास में बनेगा 33/11 केवी जीएसएस, तीन हजार 500 उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)  ।   बिजली की बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान सिंघाना क्षेत्र के गुर्जरवास और आसपास के लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) की ओर से नगरपालिका क्षेत्र सिंघाना के गुर्जरवास में 33/11 केवी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का निर्माण कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के करीब तीन हजार 500 बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। फिलहाल गुर्जरवास और आसपास के क्षेत्रों में 33 केवी देवीपुरा फीडर से बिजली सप्लाई की जा रही है। इस फीडर पर अधिक भार होने के कारण आए दिन ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या रहती है। इसके चलते लोगों को लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों के अनुसार नए जीएसएस से मौजूदा फीडर का भार कम होगा। इससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
4.23 करोड़ रुपए होंगे खर्च
समस्या के स्थायी समाधान के लिए गुर्जरवास में करीब 4 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से नया जीएसएस बनाया जाएगा। इसमें 2 गुणा 3.15 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। जीएसएस शुरू होने के बाद रिको क्षेत्र, ढाणी बाईपास, गुर्जरवास ग्रामीण, भोदन, नया कुआं सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा।
कल भूमि पूजन
गुर्जरवास 33/11 केवी जीएसएस के निर्माण कार्य का शुभारंभ शनिवार सुबह 11:15 बजे भूमि पूजन के साथ किया जाएगा। जीएसएस के निर्माण के बाद सिंघाना क्षेत्र के इन इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

You might also like