11 से 13 नवंबर तक होगा भव्य डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। श्रीबालाजी माहेश्वरी युवा संगठन के तत्वावधान में आगामी 11 से 13 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य डे-नाइट बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट माहेश्वरी प्रीमियर लीग सीजन.6 एमपीएल-6 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर माहेश्वरी समाज के युवाओं एवं स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दूधिया रोशनी में आयोजित होने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ में 10 टीमें खिताब के लिए अपना दमखम दिखाएंगी। इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक केशरीचंद भगवानदास तापड़िया श्री बालाजी होंगे। उनके विशेष सहयोग से प्रतियोगिता को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि तापड़िया परिवार माहेश्वरी समाज के साथ-साथ अन्य समाजों तथा बालाजी क्षेत्र में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में भी हमेशा सहयोग के लिए अग्रणी रहता है। अपनी सेवाभावी भावना और सामाजिक सरोकारों के चलते परिवार ने क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। मीडिया प्रभारी कपिल तापड़िया ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले महेश विहार, श्री बालाजी के प्रांगण में आयोजित होंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें चमचमाती ट्रॉफी के लिए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देंगी।
केवल माहेश्वरी समाज के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
एमपीएल-6 की विशेषता यह रहेगी कि इसमें केवल श्री बालाजी क्षेत्र के माहेश्वरी समाज के खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ.साथ समाज में आपसी भाईचारे, एकजुटता एवं खेल भावना को मजबूत करना है। संगठन के पदाधिकारियों ने माहेश्वरी समाज के सभी प्रबुद्धजनों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता के दौरान महेश विहार पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा इस खेल महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

You might also like