धार्मिक नगरी आभानेरी में 17 मई से होगा भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । दौसा जिले की धार्मिक नगरी आभानेरी में 17 मई से 25 मई 2026 तक भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। गंधर्वा तिवाड़ी परिवार आभानेरी की ओर से आयोजित इस नौ दिवसीय भक्ति महोत्सव को लेकर क्षेत्र भर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है।
आयोजक बाबूलाल, मुरारी लाल एवं डॉ. प्रभु दयाल शर्मा ने बताया कि कथा आयोजन के पोस्टर का विमोचन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर ने किया। कथा में देशभर के कई सम्मानित पीठाधीश्वर, महंत और संत-महात्मा शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कथा की व्यासपीठ पर आचार्य चंद्रशेखर महाराज विराजमान रहेंगे। उनके श्रीमुख से होने वाले कथा वचनामृत का लाभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रिमंडल के कई सदस्य, ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.डी. शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, ब्यूरोक्रेट्स, उद्योगपति और पत्रकार भी प्राप्त करेंगे।
कथा आयोजन से पूर्व दादू दयाल मंदिर प्रन्यास खाजुरिया धाम, बस्सी के दया दास महाराज, कल्याण दास महाराज एवं वर्तमान पीठाधीश्वर रामू दास महाराज का आशीर्वाद प्राप्त होगा। आयोजकों के अनुसार कथा के दौरान श्रद्धालुओं को इन संतों के दर्शन का भी अवसर मिलेगा।
इस भक्ति महोत्सव में जिन संत-महात्माओं को आमंत्रित किया गया है उनमें त्यागी अमरदास महाराज, अमरीश दास त्यागी महाराज, बलराम दास महाराज, मदन मोहन दास महाराज, अवधेश दास महाराज तथा जगतगुरु नित्यानंद महाराज प्रमुख हैं।
आयोजकों ने प्रदेशभर के सनातन धर्मावलंबियों से इस दिव्य कथा एवं भक्ति संगम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।