दिव्य ज्योति जागृति संस्थान फ्री करवाएगा नीट की तैयारी

निसं
बुगाला (नवयत्न) । बारहवीं कक्षा में विज्ञान विषय के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के प्रोग्राम मंथन सम्पूर्ण विकास केंद्र व प्रत्यक्ष कोचिंग इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में जरूरतमंद एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क नीट तैयारी अभियान शुरू किया है। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मेडिकल प्रवेश परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। संस्थान द्वारा चयनित विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में नीट परीक्षा से संबंधित विषयों की कोचिंग, अध्ययन सामग्री तथा नियमित टेस्ट सुविधा 1जून से उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन एवं मोटिवेशनल सत्र भी दिए जाएंगे ताकि वे प्रतियोगी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल समाज सेवा के उद्देश्य से शुरू की जा रही है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से समझौता न करना पड़े। जल्द ही पंजीकरण प्रक्रिया एवं कक्षाओं के समय की जानकारी जारी की जाएगी।

You might also like