आंगनबाड़ी कर्मियों की लंबित भुगतान समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। रतनगढ़ में आंगनवाड़ी वर्कर्स यूनियन (सीटू) की अध्यक्ष ममता पारीक के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने विभिन्न लंबित भुगतान समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बाल विकास परियोजना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यूनियन की सचिव मुन्नी शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को मानदेय सहित विभिन्न मदों का भुगतान नियमित एवं पूर्ण रूप से नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 का मदवार स्टेटमेंट उपलब्ध करवाने की मांग की ताकि प्राप्त राशि, किए गए भुगतान एवं बकाया राशि की स्पष्ट जानकारी मिल सके। ज्ञापन में कोरोना काल में घर-घर पोषण वितरण सहित किए गए कार्यों की लंबित राशि, मकान किराया, बिजली बिल तथा अन्य इंसेंटिव/प्रोत्साहन राशि का पूर्ण भुगतान करवाने की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में सभी लंबित भुगतान नहीं किए गए तो आंगनबाड़ी कर्मियों को आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस अवसर पर सुमन दाधीच, सन्नू पारीक, रंजना चौमाल, मुक्ता सोनी, सरस्वती जाट, छोटू मेघवाल, कंचन चोटिया, पूजा प्रजापत, सुशीला चावरिया एवं ममता मेघवाल सहित अन्य आंगनबाड़ी कर्मी उपस्थित रहीं।