फाउंडर्स डे पर तीन दिन चला कार्यक्रमों का सिलसिला, 60 टीमों के 152 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। जेबी शाह गर्ल्स पीजी कॉलेज के संस्थापक एडवोकेट स्व. मदनलाल शाह की स्मृति में कॉलेज में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें स्वतंत्रता दिवस समारोह, व्याख्यान, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिता के साथ पौधारोपण व नंदीशाला में सेवा कार्य किए गए। पहले दिन कॉलेज ट्रस्टी राकेश शाह ने ध्वजारोहण किया। छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शाम को मदनलाल शाह स्मृति व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार राय रहे। उन्होंने ‘शिक्षा, संस्कार और विकसित भारतÓ विषय पर विचार रखे। कॉलेज प्रबंधन की ओर से जीडी शाह स्कॉलरशिप के तहत स्टाफ के बच्चों को स्कूली शिक्षा के लिए 20 हजार और उच्च शिक्षा के लिए 40 हजार रुपए के चेक दिए गए। तीसरे दिन कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। इसके बाद बगड़ रोड स्थित नंदीशाला में नंदियों के लिए चूरी की सवामणी की गई। कार्यक्रम में ट्रस्टी राकेश शाह, सलाहकार अनुराग संगल, सचिव राजकुमार मोरवाल, प्राचार्या डॉ. योगिता शर्मा सहित कॉलेज स्टाफ, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। प्राचार्या ने सभी का आभार जताया।
क्विज में टैगोर स्कूल अव्वल
दूसरे दिन अंतर-विद्यालय वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें 60 टीमों के 152 विद्यार्थियों ने भाग लिया। वाद-विवाद में झुंझुनूं एकेडमी प्रथम, एसएस मोदी विद्या विहार द्वितीय और डूण्डलोद पब्लिक स्कूल सीतसर तृतीय रहा। क्विज में द टैगोर स्कूल सीतसर प्रथम रहा। दिल्ली पब्लिक स्कूल झुंझुनूं की टीम दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को 11 हजार, 7500 और 5100 रुपए के चेक व स्मृति चिह्न दिए गए। सभी प्रतिभागियों को पुस्तकें भी दी गई।