अलीपुर में एक हजार पौधे लगाए, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। अलीपुर ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को हरयालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजी एटीएस राजेश सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग रहे। कार्यक्रम संयोजक विशंभर पूनिया के नेतृत्व में विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में करीब एक हजार पौधे लगाए गए। आईजी राजेश सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की बड़ी जरूरत है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, पानी और बेहतर पर्यावरण देना सभी की जिम्मेदारी है। पौधारोपण को सिर्फ कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एसपी कावेंद्र सागर, डीएफओ काविया पीबी, चिड़ावा तहसीलदार बलवीर, विकास अधिकारी अनीषा, डालमिया सेवा संस्थान के भूपेंद्र पालीवाल, सीबीईओ उम्मादत झाझड़िया, प्रधानाचार्य अशोक शर्मा, बगड़ एसएचओ मुकेश चौधरी, पंचायत प्रशासक अजीत भांभू सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। संयोजक विशंभर पूनिया ने बताया कि अलीपुर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया जाएगा।
संरक्षण के बिना पौधारोपण अधूरा – कलेक्टर
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम को ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान से भी जोड़ा गया। विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।