रामनवमी शोभायात्रा को ‘प्लास्टिक मुक्त’ बनाने की अनूठी पहल, पोस्टर का विमोचन कर पंपलेट वितरण किए
सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न ) | श्री मानव सेवा संस्थान, सीकर द्वारा आगामी 26 मार्च को आयोजित होने वाली भव्य श्री रामनवमी शोभायात्रा को लेकर एक विशेष और अनुकरणीय अपील जारी की गई है। संस्थान ने इस बार रामनवमी के पावन पर्व पर भक्ति के साथ-साथ प्रकृति के सम्मान और स्वच्छता का शंखनाद किया है।
संस्थाध्यक्ष समाज सेवक भंवर लाल जागिड़ ने शहर के समस्त व्यापारियों, दुकानदारों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से विनम्र निवेदन किया है कि इस बार श्री रामनवमी शोभायात्रा को पूरी तरह ‘प्लास्टिक मुक्त’ बनाया जाए। प्लास्टिक मुक्त शोभायात्रा अभियान को लेकर आज संस्थान के पदाधिकारी तापड़िया बगीची से रवाना होकर स्टेशन रोड, जाट बाजार, घंटाघर, सुभाष चौक, बजाज रोड होते हुए व्यापारियों एवं शहरवासियों को “प्लास्टिक मुक्त शोभायात्रा” संदेश के पंपलेट वितरण किए।

जांगिड़ ने कहा प्रतिवर्ष रामनवमी शोभायात्रा में जल व्यवस्था करने वाले सभी शहरी व्यापारी, सामाजिक संगठनों व सेवादारों से मेरा हाथ जोड़ निवेदन है कि जल की व्यवस्था मटके व ड्रम से कर जग,कागज के कपों व बोतलों से पानी पिलाएं इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्री रामलला जन्मोत्सव पर शहर को स्वच्छ रखना और बेजुबान पशुओं, विशेषकर गौमाता को प्लास्टिक के घातक दुष्प्रभावों से बचाना है।
प्लास्टिक के डिस्पोजेबल कप और जल की थैलियों का उपयोग बिल्कुल न करें।
शोभायात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाले किसी भी कचरे को केवल निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें।
जल,फ्रूटी, सॉफ्ट ड्रिंक या अन्य पेय पदार्थों को श्री राम भक्तों में बोतलों के माध्यम से वितरित करें।
”हमारे द्वारा अनजाने में फेंका गया प्लास्टिक गौमाता के लिए जानलेवा बन जाता है, जिससे हम अनजाने में पाप के भागी बनते हैं। आइए, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का त्याग कर कपड़े के थैलों को अपनाएं। हमारी यह छोटी सी पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ा उपहार साबित होगी।”
संस्थान ने “प्लास्टिक मुक्त शोभायात्रा” अभियान में जुड़ने का आह्वान किया है ताकि सीकर को एक सुंदर, स्वच्छ और हरित शहर बनाया जा सके। इस दौरान संस्था संरक्षक ओमप्रकाश पुरोहित, मंत्री टोडरमल फोगावट, मुकेश चन्दपुरा,महावीर योग गुरु, राजकुमार सैनी ,बोदूराम दिनारपुरा, भीवाराम सहित अन्य मौजूद रहे