मकान की दूसरी मंजिल पर लगी भीषण आग में युवक जिंदा जला

निसं
जयपुर (नवयत्न)। भांकरोटा थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा रोड पर शनिवार रविवार की मध्यरात्रि मकान की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लगने से एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनल आनंद के रूप में हुई है। हादसे के समय आनंद और उनकी पत्नी अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। आग आनंद के कमरे में लगी और देखते ही देखते विकराल हो गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हेड कांस्टेबल विष्णु दत्त, चेतन और चालक राकेश ने सूझबूझ दिखाते हुए बोरिंग चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आग की चपेट में आने से आनंद को बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग किस वजह से लगी और कमरे में आग किस परिस्थिति में तेजी से फैली, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव को एसएसएस मोर्चरी में रखवाया है। आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

You might also like