आरती संचेती बनी भाजपा महिला मोर्चा की बीकानेर जिला पंचायत चुनाव संयोजक
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। भाजपा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर बीकानेर जिले में महिला मोर्चा की चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए नोखा की आरती संचेती एवं डूंगरगढ़ की रेखा भादानी को संयुक्त रूप से जिला संयोजक नियुक्त किया है। नियुक्ति पर आरती संचेती ने प्रदेश एवं जिला संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायत चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और महिला शक्ति के सहयोग से जिले की प्रत्येक पंचायत समिति में पार्टी का परचम लहराएगा। आरती संचेती ने बीकानेर जिले की जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार भाजपा को जिला प्रमुख बनाने के लिए जनसमर्थन दें, ताकि केंद्र और राज्य के साथ स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से जिले का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने महिला शक्ति से विशेष अपील की कि आगामी पंचायत चुनावों में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन मजबूत करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और विकास के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।