सालासर पदयात्रियों के थैलों पर पुलिस ने लगाई रेडियम पट्टी
निसं
तारानगर (नवयत्न)। रात्रि में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए तारानगर पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। रामसिंह दादा सेवा मंच हरियाणा के सौजन्य से चूरू सड़क पर सालासर जा रहे पैदल यात्रियों के पीछे थैलों पर पुलिस स्टाफ द्वारा चमकीली रेडियम रिफ्लेक्टिव पट्टियां लगाई गई। डीएसपी रोहित सांखला व सीआई पुष्पेंद्र सिंह की प्रेरणा से थाने के हेड कांस्टेबल भैरूसिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ मिलकर ये सराहनीय कार्य किया। उन्होंने बताया कि रात के समय हाईवे पर पैदल यात्री दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। रेडियम पट्टी लगने से वाहन की लाइट पड़ते ही यात्री दूर से ही दिखाई दे जाएंगे। इस मौके पर सेवा मंच के महावीर सिहाग, मोहन चाहर, सतवीर सुथार, विनोद जांगड़ा, प्रियंका सिहाग, रामचंद्र आइतान, मोहन प्रजापत सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।