अभयपुरा को मिलेगा स्वच्छ एवं हरित विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। क्षेत्र के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 में तारानगर तहसील के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, अभयपुरा का चयन राष्ट्रीय स्तर पर योग्यता प्रमाण पत्र के लिए हुआ है। केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से देश भर के 191 विद्यालयों की सूची जारी की गई है जिसमें राजस्थान के 11 विद्यालयों को स्थान मिला है।
इस चयन का आधार विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और परिसर में औषधीय पौधों युक्त वृक्षारोपण सहित 60 मानकों पर जागरूकता हेतु श्रेष्ठ सामूहिक प्रयास करना है। चयनित विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर योग्यता प्रमाण पत्र के साथ विद्यालय विकास हेतु एक लाख रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी।
हाल ही में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मंगेजाराम एवं उनकी कर्मठ स्टाफ टीम, एसएमसी सदस्यों के सक्रिय प्रयासों से सत्र 2016-17 के पश्चात् सत्र 2025-26 में दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर राउप्रावि, अभयपुरा राजस्थान का पहला ऐसा विद्यालय बन गया है जिसने दो बार राष्ट्रीय स्तर पर योग्यता प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त 2021-22 में इस विद्यालय का चयन राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु भी हो चुका है।
राजस्थान की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में भी इस विद्यालय की टीम ने विद्यालय को हरितिमापूर्ण बनाने में तन-मन-धन से परिश्रम किया। इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए सीबीईओ तारानगर बबलेश शर्मा, एसीबीईओ प्रथम संजय शर्मा, एसीबीईओ द्वितीय भागचंद, पीईईओ झाड़सर छोटा अनिल कुमार ने प्रधानाध्यापक मंगेजाराम, एसएमसी सदस्यों व विद्यालय परिवार की कार्यशैली एवं कर्मठता की प्रशंसा करते हुए हार्दिक बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की।