नेशनल हाईवे पर ट्रक पलटने से हादसा 

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (दैनिक नवयत्न ) । नेशनल हाईवे संख्या-58 पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरियाणा से मेड़ता की ओर जा रहा तुड़ी से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक माल भरा हुआ बताया गया है। हादसा टैगोर स्कूल के पास उस समय हुआ जब वहां स्कूली वाहनों की आवाजाही रहती है। प्रतिदिन इस समय दर्जनों स्कूल बसें, वैन और दोपहिया वाहन यहां से गुजरते हैं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त आसपास कोई बड़ा वाहन या स्कूल बस नहीं थी, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा होने की संभावना बनी थी। हादसे की सूचना मिलते ही निम्बी जोधा थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल मूलाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ट्रक चालक और खलासी को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस हाईवे पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जरूरत बताई।

You might also like