साइबर फ्रॉड गिरोह का आरोपी गिरफ्तार
नवरतन प्रजापत
चूरू (नवयत्न)। चूरू की साइबर थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के दर्ज मामले में बड़ी कारवाई करते हुए साइबर गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध करवाने के आरोप में आसाम निवासी एक शख्स को गिरफ्तार किया है। दरअसल साइबर ठग ने तारानगर के बनड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह को झांसे में लेकर दिल्ली में दंत चिकित्सालय में पार्टनरशिप के नाम पर 38 लाख की साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे डाला। अब साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के इसी मामले में कारवाई करते हुए आसाम के डिब्रूगढ़ निवासी श्याम ठाकुर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। साइबर थानाधिकारी कमल कुमार ने बताया तारानगर के बनड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दी थी कि मेरे फेसबुक पर अपने आप को इंग्लैंड की डेंटल डॉक्टर एनलिन स्मिथ बताते हुए दिल्ली में बच्चों का बड़ा हॉस्पिटल खोलने और हॉस्पिटल में पार्टनर बनाने के नाम पर 2 जून 2026 से लेकर 13 जून 2026 तक 45 बार में नौ व्यक्तियों के अलग-अलग बैंक खातों में कुल 38 लाख 8 हजार 500 रुपए ऑनलाइन डलवाए। पीड़ित को अपने साथ साइबर ठगी का एहसास होते ही 18 जून 2026 को बनड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने साइबर थाना चूरू पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। साइबर थाना पुलिस ने दर्ज मामले में अनुसंधान करते हुए बैंक खाता में मोबाइल नंबरों का विश्लेषण कर आसाम के डिब्रूगढ़ पहुंची और श्याम ठाकुर को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर आरोपी को जेएम कोर्ट डिब्रूगढ़ में पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल कर चूरू लेकर पहुंची। साइबर थाना पुलिस के अब तक के अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी ने अपने बैंक खाते में साइबर फ्रॉड के कुल 14 लाख 20 हजार रुपए साइबर ठगी के गिरोह के साथ मिलकर जमा करवाकर साइबर ठगी की राशि तुरंत निकासी कर साइबर फ्रॉड राशि अपना कमीशन रखकर गिरोह के लोगों को दे देता था, अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी आसाम में बड़े साइबर गिरोह के साथ मिलकर काम करता है और गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध करवाता है। आरोपी ने अपने अलग-अलग बैंकों के 17 बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी हेतु गिरोह को दे चूका है।
मास्टर माइंड अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर
साइबर थाना पुलिस ने बताया कि जिन 16 बैंक अकाउंट में पीड़ित ने जो राशि डाली वह अधिकतर बैंक खाता साइबर ठगों से किराए पर ले रखे थे और लोग चंद पैसों और कमीशन के लालच में आकर अपने बैंक अकाउंट किराए पर दे देते है। साइबर ठगी के इसी मामले में पुलिस इससे पहले यूपी के बांदा निवासी पीयूष सोनी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। पीयूष पर भी साइबर ठगो को अपना बैंक अकाउंट किराए पर देने का आरोप था।