विद्युत पोल के करंट से दो गोवंश की मौत

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। शहर के चूरू-सरदारशहर बाइपास स्थित वार्ड संख्या 41 में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से दो गोवंश की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में विद्युत विभाग और नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी रोष व्याप्त है। वार्डवासियों का कहना है कि बाइपास क्षेत्र में लगे इस विद्युत पोल पर जगह-जगह से केबल कटी और क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण पिछले कई दिनों से पोल में लगातार करंट दौड़ रहा था। पोल के पास ही कचरे का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जहां अक्सर बेसहारा पशु विचरण करते रहते हैं। मंगलवार को कचरे के पास घूमते हुए दो गोवंश अचानक पोल से छू गए और करंट की चपेट में आने से उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस जानलेवा समस्या को लेकर पूर्व में कई बार डिस्कॉम और पालिका के अधिकारियों को लिखित व मौखिक सूचना दी जा चुकी थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कोई सुध नहीं ली। रहवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में इस प्रकार खुला करंट दौड़ने से आस-पास के घरों के लोग और मासूम बच्चे लगातार भय के साए में जी रहे हैं तथा यहां हर वक्त बड़े जनहानि हादसे की आशंका बनी रहती है। दो गोवंश की मौत के बाद भड़के नागरिकों ने चेताया है कि यदि जल्द से जल्द जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त कर पोल से करंट की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।

You might also like