अवैध डोडापोस्त के साथ दो गिरफ्तार
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 किलो 860 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा पोस्त की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेगा हाईवे पर हवाई पट्टी पड़िहारा के पास नाकाबंदी एवं संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें से 19 किलो 860 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ। मामले में पंजाब के तरनतारन तहसील के मरगिन्दपुरा निवासी 27वर्षीय गुरशेर सिंह पुत्र रघपाल सिंह जट सिख तथा 22वर्षीय अर्शदीप सिंह पुत्र गुरनाम सिंह मजबी सिख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच राजकुमार को सुपुर्द की गई है।