6 माह से फरार 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । बजाज नगर थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के मामले में पिछले करीब छह माह से फरार चल रहे 15 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर लगातार अलग-अलग स्थानों पर रहकर गिरफ्तारी से बचता रहा, लेकिन पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार निगरानी के बाद उसे दबोच लिया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर बजाज नगर थाने में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपने पते से फरार था। गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन उसके फरार रहने पर न्यायालय से स्थायी वारंट जारी कराया गया तथा उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार का इनाम घोषित किया गया।
डीसीपी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद शर्मा के निर्देशन में बजाज नगर थाना प्रभारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आधुनिक तकनीक और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान कर
अमरीश शर्मा (47) निवासी सिरसी रोड, खातीपुरा हाल गोपाल पूरा मोड़, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले करीब छह माह से लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामधन डोभाल, उपनिरीक्षक गिरवर सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मसिंह, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल संजय राहड़ तथा कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार, रामावतार और राजकिशोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से हेड कांस्टेबल धर्मसिंह, संजय राहड़, महेंद्र कुमार और रामावतार के प्रयासों की सराहना की गई।

You might also like