सिंघाना के मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई, संचालक गिरफ्तार
मधु दहिया
सिंघाना (नवयत्न)। पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को कार्रवाई करते हुए 44 नशीले कैप्सूल जब्त किए। पुलिस ने मामले में मेडिकल स्टोर संचालक सोनू कुमार को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि 8 अगस्त को डीएसटी झुंझुनूं से सूचना मिली थी कि नारनौल बाईपास सर्किल स्थित श्याम मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाएं बेची जा रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मेडिकल स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सोनू कुमार निवासी बाग की ढाणी, तन ढाणा के कब्जे से 44 नशीले कैप्सूल मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी इन दवाओं को बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के अपने कब्जे में रखे हुए था। पुलिस ने कैप्सूल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
डीएसटी और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम भी रही साथ
कार्रवाई में थानाधिकारी सुगन सिंह, कांस्टेबल अमित, योगेश, सुरेंद्र काजला और भूपेंद्र शामिल रहे। डीएसटी झुंझुनूं की टीम से उप निरीक्षक हेमराज, कांस्टेबल अमित, सुनील, रामवतार और लोकेश सिंह ने सहयोग किया। औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से लोकेश सिंह और सरिता मीणा भी कार्रवाई में शामिल रहे। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि कार्रवाई एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर बुहाना डीसएपी नोपाराम भाकर के सुपरविजन में की गई।