कोर्ट आदेश की पालना में प्रशासन सख्त, स्टेडियम की चारदीवारी हटाने की तैयारी

ओम प्रकाश सैनी 

नवलगढ़ (नवयत्न)। झुंझुनूं जिले के ग्राम परसरामपुरा में गैर मुमकिन नदी भूमि पर निर्मित खेल स्टेडियम की चारदीवारी हटाने की कार्रवाई प्रशासन द्वारा 13 मई 2026 को की जाएगी। यह कार्रवाई माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय की खंडपीठ द्वारा सिविल अवमानना याचिका ओमप्रकाश बनाम दिनेश कुमार में पारित आदेशों की पालना में की जा रही है।

 

उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट नवलगढ़ द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि न्यायालय के आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुरक्षा प्रबंध कर लिए हैं। कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के निर्देशों एवं विधिसम्मत प्रक्रिया के अनुसार संपादित की जाएगी।

 

प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध, अवरोध या राजकार्य में बाधा उत्पन्न करना गंभीर कानूनी अपराध माना जाएगा, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रेस नोट में यह भी कहा गया कि स्थानीय नागरिकों एवं संबंधित पक्षों से पूर्व में संवाद और समझाइश की जा चुकी है। प्रशासन को विश्वास है कि क्षेत्रवासी न्यायालय के आदेशों एवं विधि व्यवस्था का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

 

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की है।

You might also like