विधायक की शिकायत पर खेतड़ी टाउन के एईएन एपीओ
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों की शिकायत के बाद खेतड़ी टाउन के एईएन सुनील गोदारा को एपीओ कर दिया गया। विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने मामले में बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर कार्रवाई के लिए कहा था। एईएन गोदारा का मुख्यालय सीकर रखा गया है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे ग्रामीणों ने विधायक धर्मपाल गुर्जर से बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर शिकायत की थी। ग्रामीणों ने समस्याओं के समाधान में हो रही परेशानी पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने पर विधायक ने तुरंत विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया। इसके करीब आधे घंटे बाद एईएन को एपीओ किए जाने की कार्रवाई सामने आई। विधायक ने कहा कि आमजन की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर अधिकारियों के पास पहुंचती है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतों को गंभीरता से सुनें और नियमानुसार उनका समाधान करें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुनवाई में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इससे बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और विभागीय व्यवस्था में सुधार होगा।