राजस्व निरीक्षक पर भ्रष्टाचार के लगाए आरोप, एपीओ करने की मांग
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । पूर्व सभापति व विधानसभा चुनाव प्रत्याशी बाबूलाल कुलदीप ने नगरपरिषद के राजस्व निरीक्षक मुनालाल मीणा को एपीओ करने की मांग पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधानसभा राजेंद्र सिंह राठौड़ को ज्ञापन देकर की है। ज्ञापन में बताया गया है कि मुनालाल मीणा की पदोन्नति नाकेदार से राजस्व अधिकारी के पद पर की गई थी, जो गलत है। ज्ञापन में बताया गया है कि 3 साल बीत जाने के बाद भी नगरपरिषद के राजस्व में इजाफा नहीं हुआ है, क्योंकि मीणा की रूचि सफाई निरीक्षक के कार्य में ज्यादा रही है। कुलदीप ने आरोप लगाया कि पिछली बरसात के बाद आई आपदा में मीणा द्वारा भ्रष्टाचार किया गया और एक दो लोगों के साथ पर्दे के पिछे रहते हुए ठेकेदारी की गई। पेट्रोल व डीजल वितरण कार्य में भी भ्रष्टाचार किया गया। जबकि सफाई निरीक्षक ओमप्रकाश स्वामी को दबाव में रखा जाता है और फोटो कोपी का एक टेंडर भी इनके बेटे केे पास है। ज्ञापन में पिछले 25 सालों से सुजानगढ़ में बैठे राजस्व निरीक्षक मुन्नालाल मीणा को एपीओ करने की मांग की गई है। यह ज्ञापन राजेंद्र सिंह राठौड़ द्वारा स्वायत शासन विभाग को भेजा गया, जिस पर स्वायत शासन विभाग के सतर्कता सहायक निदेशक विनोद कुमार ने नगरपरिषद सुजानगढ़ के आयुक्त को यह ज्ञापन भेजकर दो दिनों में रिपोर्ट करने के लिए कहा है।
दूसरी ओर आरोपों का जवाब देते हुए राजस्व निरीक्षक मुन्नालाल मीणा ने बताया क इस शिकायत का मैंने डीएलपी के सतर्कता सहायक निदेशक के समक्ष जवाब दाखिल कर दिया है। मीणा ने अपने जवाब में बताया है कि मेरी पदोन्नति विधि के अनुरूप हुई है। जबकि सफाई निरीक्षक का कार्य शहर हितों को ध्यान में रखकर मुझे बार-बार दिया जाता है, जबकि इसमें मेरी कोई रूचि नहीं है। मीणा ने बताया कि मेरे पारिवारिक सदस्य के नाम से कोई टेंडर नहीं है।
इनका कहना है:
राजस्व निरीक्षक मुन्नालाल मीणा ने बताया कि काफी सालों से निष्ठा व ईमानदारी के साथ कार्य कर रहा हूं। अगर में भ्रष्टाचार करता तो, राष्ट्रीय पर्व पर मुझे सम्मानित क्यों किया जाता। मेरे परिवार के किसी सदस्य के नाम से कोई टेंडर नहीं है। भ्रष्टाचार के आरोप मिथ्या एवं निराधार हैं।
कार्यवाहक आयुक्त गिरधारीलाल ने बताया कि संस्थापन में जांच के लिए पत्रावली दी है, पत्रावली संधारित की जा रही है। जांच के दौरान आरोपों पर जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उनकी रिपोर्ट डीएलबी भेजी जाएगी।