बिसाऊ में 60 खसरों पर बिना कन्वर्ट किए कॉलानियां काटने का आरोप, जांच की मांग
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। कस्बे में करीब 60 खसरों की जमीन पर बिना नगर पालिका की 91-बी में कन्वर्ट की कार्रवाई के कॉलोनियां काटने का मामला सामने आया है। भाजपा नेता इकबाल खान टाइगर ने इस मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, स्वायत्त शासन मंत्री, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और जिला कलेक्टर को पत्र भेजा है। खान ने पत्र में बताया कि कस्बे में कई जगह बिना जरूरी प्रक्रिया के कॉलोनियां काटी गई हैं। उनका आरोप है कि कॉलोनियां काटने के दौरान पेड़ भी काटे गए, जिससे पर्यावरण को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि 91-बी की कार्रवाई नहीं होने से इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को नगर पालिका की सुविधाएं मिलने में परेशानी हो सकती है। साथ ही उनके पट्टे बनने में भी दिक्कत आएगी। खान ने कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के बीच चुनाव को लेकर किए जा रहे प्रचार की भी जांच की मांग की है। उन्होंने संबंधित जमीन के खसरों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
पालिका करवा रही सर्वे
नगर पालिका ईओ सीताराम कुमावत ने बताया कि बिना 91-बी की कार्रवाई के काटी गई कॉलोनियों का सर्वे करवाया जा रहा है। जांच में कॉलोनियां नियमों के अनुसार नहीं पाई गईं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।