विमंदित गृह में युवती से दुष्कर्म के आरोप, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। मां सेवा संस्थान विमंदित गृह में युवती से दुष्कर्म, मारपीट और अमानवीय व्यवहार के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही संस्थान में रह रहे सभी आवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
बगड़ थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, प्रतापपुरा स्थित इस गृह को लेकर एबीवीपी ने कई सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में बताया कि गृह में इलाज और देखभाल के लिए रह रही 30 वर्षीय युवती की मां की शिकायत पर संचालक बनवारीलाल सैनी और उसकी पत्नी के खिलाफ बगड़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में युवती से दुष्कर्म, मारपीट, बाल काटने, पर्याप्त खाना-पानी नहीं देने और कथित तौर पर काम करवाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गृह में मानसिक रूप से बीमार और विशेष देखभाल की जरूरत वाले लोग रहते हैं। ऐसे में सामने आए आरोपों की जांच के साथ संस्थान की पूरी व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए।
ज्ञापन में ये प्रमुख मांगें
– संस्थान की मान्यता और लाइसेंस की तत्काल जांच कराई जाए।
– संस्थान को किस नियम के तहत मान्यता मिली और उसकी वैधता व शर्तों की जांच हो।
– पहले हुए सरकारी निरीक्षणों की रिपोर्ट और रिकॉर्ड की जांच की जाए।
– आगंतुक रजिस्टर, स्टाफ की उपस्थिति, सुरक्षा रजिस्टर और उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाएं।
– संस्थान की स्वीकृत क्षमता और वहां रह रहे वास्तविक आवासियों की संख्या का मिलान कराया जाए।
– कर्मचारियों की संख्या, प्रशिक्षण और निर्धारित मानकों के अनुसार स्टाफ की उपलब्धता की जांच हो।
– संस्थान में रह रहे सभी आवासियों की पहचान और उपस्थिति का सत्यापन कराया जाए।
– पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
एबीवीपी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों में संगठन चुप नहीं बैठेगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में कुलदीपसिंह जागावत, नीशा, ललीत सैनी, सुजित डारा, रोहित गुर्जर सहीत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।