बेटी के जन्मदिन पर राजकीय विद्यालय में अलमारी भेंट
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ की समाजसेवी संस्था हनुमान प्रसाद सीताराम सेवा समिति ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पड़िहारा में एक अलमारी भेंट की। समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने अपनी पुत्री नीतू दाधीच के जन्मदिन पर यह अलमारी भेंट की और विद्यालय के सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की । संस्था प्रधान मदनलाल कुल्हरि की अध्यक्षता में इस मौके पर मुख्य अतिथि शर्मा ने शिक्षा को विकास की धुरी बताते हुए सभी से इस क्षेत्र में यथाशक्ति सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और बालिका शिक्षा पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि विमल सुराणा ने दान को सर्वोपरि बताया । संस्था प्रधान कुल्हरि ने भामाशाहों के सहयोग की सराहना करते हुए अतिथियों का शाब्दिक स्वागत किया । कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के सोमवीर, श्रीगोपाल, महिपाल महर्षि, सांवरमल पारीक, अंजू शर्मा, संतोष, सुमन, सुरजाराम ने अतिथियों का स्वागत किया । संचालन हिमांशु नाथोलिया ने किया।