आदर्श विद्या मंदिर में पूर्व छात्र कार्यकारिणी की बैठक आयोजित
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। रायसर मार्ग स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोखा में पूर्व छात्र कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय के विकास कार्यों को गति देने के साथ आगामी सत्र में शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में संस्था से जुड़े सभी पूर्व छात्रों को आगामी माह तक संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। साथ ही दीपोत्सव के पावन अवसर पर दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समारोह के माध्यम से विद्यालय के पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाकर आपसी संपर्क एवं सहभागिता को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में पूर्व छात्रों की विद्यालय के विकास में भूमिका को लेकर विभिन्न सुझाव रखे गए। पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व छात्रों का विद्यालय से जुड़ाव संस्था की गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के साथ नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी होगा। इस अवसर पर संयोजक सुरेंद्र भट्टड, सह संयोजक बजरंग तापड़िया, पूर्व छात्र जिला प्रमुख छेलूदान चारण, जयप्रकाश खत्री, सतीश झंवर, आदर्श छाजेड़, महावीर पारीक, महेश तापड़िया, पंकज जैन, चंदन पंचारिया, महेश बजाज एवं भुवनेश्वर शर्मा सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष डागा ने सभी पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास में उनके सहयोग और सहभागिता की सराहना की।