29 सितंबर को बीकानेर में कांग्रेस का पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
निसं
बीकानेर (नवयत्न)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में बीकानेर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 29 सितंबर को पैदल मार्च, विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया जाएगा। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस के बीकानेर के पूर्व संगठन महासचिव नितिन वस्त द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 29 सितंबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे कोटगेट से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया जाएगा। कार्यक्रम बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल एवं देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित होगा। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव एवं राजस्थान सह-प्रभारी चिरंजीव राव सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस की ओर से जिले के प्रदेश पदाधिकारियों, शहर-देहात जिला कांग्रेस पदाधिकारियों, सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, महिला कांग्रेस, सेवादल, मंडल अध्यक्षों, एनएसयूआईए इंटक, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा कार्यकारिणी सदस्यों को कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया गया है। इसके अलावा पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी, पूर्व पार्षद, जिला परिषद प्रत्याशी, पंच-सरपंच तथा कांग्रेस विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेसजनों से भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाने की अपील की गई है। मुख्य मांग: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग नेतृत्व: मदनगोपाल मेघवाल एवं बिशनाराम सियाग विशेष उपस्थिति: चिरंजीव राव, अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव एवं राजस्थान सह-प्रभारी रहेंगे मौजूद।