कृषि-व्यवसाय प्रबंधन के 25 वर्ष पर पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव

निसं
जयपुर (नवयत्न)। चौधरी चरण सिंह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल मार्केटिंग सीसीएस एनआईएएम में शनिवार को पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट-एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट पीजीडीएम-एबीएम कार्यक्रम के 25 वर्ष पूरे होने पर एलुमनाई मीट आयोजित हुई। इसमें देशभर से पूर्व छात्र, संकाय सदस्य, उद्योग प्रतिनिधि और अन्य हितधारक शामिल हुए। मुख्य अतिथि नाबार्ड अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी. रहे, जबकि अध्यक्षता संस्थान के महानिदेशक अनूप खिंची, आईएएस ने की। डॉ. शाजी कृष्णन ने कृषि क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जलवायु-अनुकूल खेती और बेहतर जल प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने कम पानी में अधिक उत्पादन, जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, फसल विविधीकरण और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फसल प्रणाली अपनाने की जरूरत बताई। साथ ही तकनीक, वित्तीय संस्थानों और किसानों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया। महानिदेशक अनूप खिंची ने पीजीडीएम-एबीएम के 25 वर्ष पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कृषि विपणन एवं कृषि-व्यवसाय प्रबंधन में व्यावसायिक शिक्षा और क्षमता निर्माण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई। वर्ष 2001 में शुरू हुआ पीजीडीएम-एबीएम कार्यक्रम कृषि-इनपुट, बैंकिंग एवं माइक्रो-फाइनेंस, खाद्य प्रसंस्करण, परामर्श, कमोडिटीज, ग्रामीण विकास और एग्रीप्रेन्योरशिप सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए पेशेवर तैयार कर रहा है। कार्यक्रम के 1100 से अधिक पूर्व छात्र देशभर में कार्यरत हैं और संस्थान के अनुसार कार्यक्रम ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट रिकॉर्ड कायम रखा है। रजत जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का विशेष स्मारक लोगो जारी किया गया। प्रथम बैच 2001-03 की यादों और अनुभवों पर आधारित स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही लर्निंग बियॉन्ड क्लासरूम : समर इंटर्नशिप डायरीज ऑफ बैच 2025-27 पुस्तक जारी हुई, जिसमें विद्यार्थियों के फील्ड और उद्योग अनुभव तथा किसानों के लिए अनुकूलनीय समाधानों पर फोकस किया गया है। एलुमनाई मीट में पूर्व छात्रों ने संस्थान, शिक्षकों और साथी पूर्व छात्रों से पुन: जुड़कर अपनी व्यावसायिक यात्राएं साझा कीं। पूर्व छात्र कृषि मूल्य श्रृंखला, बाजार संपर्क, समावेशी बाजार और कृषि-व्यवसाय में नवाचार को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। समारोह का समापन शैक्षणिक, उद्योग और एलुमनाई नेटवर्क को मजबूत कर कृषि-व्यवसाय क्षेत्र में नए अवसर सृजित करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

You might also like