नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही से गैनाणी में फिर गिरा नंदी
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। नगर पालिका प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते रविवार शाम एक बार फिर गैनाणी राजा कोठी में एक नंदी खुले गड्ढे गैनाणी में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही आजाद गौरक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नंदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गौ रक्षा दल के कन्हैया सैन का कहना है कि गैनाणी लंबे समय से खुली पड़ी है और इसके कारण पहले भी कई बार गौवंश इसमें गिर चुके हैं। बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन ने अब तक इसे सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। बार-बार तारबंदी करती है लेकिन फिर हटा देती है जिसके चलते आए दिन गौवंश को बचाने के लिए उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू करना पड़ता है। नगर पालिका में जेसीबी के लिए फोन लगाया तो कहा गया कि आज छुट्टी है इसलिए जेसीबी नहीं आ सकती । घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं गौरक्षा दल के सदस्यों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए गैनाणी को तत्काल तारबंदी या सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द ही आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। इस अवसर पर गोपाल सेन, विकास भार्गव, किशन सोनी सहित दर्जनों व्यक्ति मौजूद रहे ।