अणुव्रत समिति ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। अणुव्रत समिति नोखा की ओर से अणुव्रत आंदोलन की गतिविधियों के तहत नशा मुक्ति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं एवं आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। समाजसेवी एवं जीव रक्षा समिति के सचिव रामकिशन डेलू ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जागरूकता के साथ निरंतर प्रयास जरूरी हैं। अणुव्रत समिति अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने कहा कि अणुव्रत आंदोलन का उद्देश्य व्यक्ति के जीवन में संयमए सदाचार और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, संस्कारित और सशक्त समाज की मजबूत नींव रख सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं राधिका राठी, एंजेल लाहोटी, वंशिका बजाज एवं आयुषी भट्टड़ ने नशे के दुष्परिणामों तथा अणुव्रत के संदेश पर आधारित प्रभावी प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान को उजागर करते हुए लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष हंसराज भूरा, संस्था निदेशक ललित पालीवाल सहित अन्य उपस्थितजनों ने भी नशामुक्ति के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार दैया ने किया। अंत में उपस्थितजनों ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नशा भगाओ-जीवन बचाओ, स्वयं को सुधारो-संसार सजाओ का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

You might also like