ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के तहत आज नोखा आएंगे रविंद्र भाटी
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी 6 अक्टूबर, मंगलवार को ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के तहत नोखा आएंगे। भाटी सुबह मुकाम पहुंचकर गुरु जम्भेश्वर भगवान के दर्शन करेंगे। इसके बाद सुजानगढ़ रोड से नोखा में प्रवेश करेंगे। कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं। रामसिंह चरकड़ा ने बताया कि भाटी के नोखा पहुंचने पर भट्टड़ दाल मिल पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए नागौर रोड स्थित केसी मंडपम पहुंचेंगे, जहां सुबह 10:30 बजे जनसभा होगी। जनसभा में इडब्लूएस से जुड़े मुद्दों और सरलीकरण की मांग को लेकर अपनी बात रखेंगे।
जगह-जगह लगाए होल्डिंग, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी
भाटी के आगमन को लेकर कस्बे में जगह-जगह होल्डिंग लगाए गए हैं। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वागत, जनसभा स्थल की व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। भाटी के कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है।