रानी लक्ष्मीबाई प्रशिक्षण केंद्र के तहत छात्राओं को दिया आत्मरक्षा प्रशिक्षण
निसं
बीदासर (नवयत्न)। कस्बे के सीकर-नोखा मार्ग स्थित सांवरलाल सुशीला देवी सुथार राजकीय महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई प्रशिक्षण केंद्र के अंतर्गत छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, सजगता, साहस एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ देवी प्रसाद ने की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा सीखी गई तकनीकों का नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया। आत्मरक्षा प्रशिक्षण की प्रभारी रितु कुंवर ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक तकनीक सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छात्राओं में आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता, सजगता और निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत होती है। कार्यक्रम की मास्टर ट्रेनर सरोज ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन नेहा शर्मा ने किया। उन्होंने आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अशोक कस्वां, श्रीचंद छींपा सहित अन्य संकाय सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रही।