सांसद बृजेंद्र ओला से मिले पार्षद टिकट के दावेदार
संजय सेानी
झुंझुनूं (नवयत्न) । नगर परिषद झुंझुनूं के आगामी निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस में पार्षद पद के टिकट की दावेदारी लगातार तेज होती जा रही है। शुक्रवार को टिकट के इच्छुक दावेदारों ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे सांसद पुत्र अमित ओला से मुलाकात कर अपने-अपने वार्ड का फीडबैक दिया था। इसके अगले ही दिन शनिवार को बड़ी संख्या में टिकटार्थियों ने झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला से मुलाकात कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। शुक्रवार को अमित ओला से मिलने पहुंचे टिकटार्थियों ने अपने-अपने वार्ड में पार्टी की स्थिति, संभावित प्रत्याशियों, स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और अपनी जीत की संभावनाओं से संबंधित फीडबैक दिया। दावेदारों ने संगठन में अपनी सक्रियता और वार्ड में किए गए सामाजिक कार्यों का हवाला देते हुए टिकट के लिए अपनी दावेदारी भी रखी। इसके बाद शनिवार को सांसद बृजेंद्र सिंह ओला के समक्ष भी टिकट के इच्छुक लोगों की आवाजाही बनी रही। सांसद से मुलाकात के दौरान दावेदारों ने अपने वार्ड के राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ कांग्रेस के पक्ष में माहौल और अपनी व्यक्तिगत पकड़ की जानकारी दी। कई दावेदार समर्थकों के साथ सांसद के पास पहुंचे। लगातार दो दिनों तक टिकटार्थियों की सक्रियता से साफ है कि नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट की दौड़ अब तेज हो गई है। वार्डों की आरक्षण लॉटरी के बाद दावेदार अपने-अपने स्तर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। एक ओर जहां दावेदार संगठन में अपनी सक्रियता और जनाधार का हवाला दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वार्ड में जीत की संभावनाओं को टिकट का प्रमुख आधार बनाने की कोशिश की जा रही है। शुक्रवार को अमित ओला और शनिवार को सांसद बृजेंद्र सिंह ओला से हुई मुलाकातों को भी इसी राजनीतिक कवायद से जोडक़र देखा जा रहा है। टिकटार्थी अपने पक्ष में फीडबैक देने और पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने में जुटे हैं। हालांकि, अभी कांग्रेस की ओर से वार्डवार प्रत्याशियों के नामों को लेकर कोई अंतिम तस्वीर सामने नहीं आई है। ऐसे में आने वाले दिनों में टिकट की दौड़ और तेज होने तथा दावेदारों के बीच राजनीतिक सक्रियता बढऩे की संभावना है।